कासिमाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव से रविवार को घूमने निकली तीन किशोरियां एक साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। सोमवार को एक किशोरी की मां ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस किशोरियों की तलाश में जुटी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि तीन किशोरियां आपस में सहेली हैं। सुबह करीब 11 बजे घर से घूमने के लिए तीनों एक साथ निकली थीं। देर शाम तक जब तीनों घर नहीं आईं तो परिजन परेशान हो गए और तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद भी उनका कुछ भी पता नहीं चला।
इधर एक किशोरी की मां ने पुलिस को तहरीर देकर घटना से अवगत कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक आरएस नागर ने बताया की तीनों किशोरियां नाबालिग हैं। एक किशोरी की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामदगी के लिए टीम जुटी हुई है।