सुहवल पुलिस ने ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन के पास से गुरुवार की दोपहर तीन अंतर प्रांतीय मादक पदार्थ के तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से झोले में रखा दो किलो चरस बरामद किया गया। बरामद चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों की बताई जा रही है।
सुवहल थानाध्यक्ष प्रवीण यादव गुरुवार की दोपहर ताड़ीघाट रेलवे क्रासिंग पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि तीन युवक मादक पदार्थ के साथ ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन पर खड़े होकर किसी का इंतजार कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस रेलवे स्टेशन पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां खड़े तीनों युवक भागने लगे। पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर एक पास से झोले में रखा दो किलो चरस बरामद किया। चरस चार पैकेटों में बांधकर रखा गया था। साथ ही दो मोबाइल भी बरामद किया गया। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम बिहार के मोतिहारी जिला के मंझरिया थाना क्षेत्र के आदापुर गांव निवासी संतोष गुप्ता, ध्रुव साहनी तथा फैजुल आलम बताया। एसपी सिटी लल्लन राय ने बताया कि पकड़े गए तीनों तस्कर नेपाल के नारायण घाट से चरस लाकर यहां बेचते थे। इस धंधे में लिप्त अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है।