दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को तीन दूकानों के साथ ही दो गुमटी का ताला तोड़कर चोर हजारों रुपए मूल्य के जेवर, दवाएं, गैस सिलिंडर पार कर दिए। मामले में पीड़ितों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
डंडापुर गांव निवासी राजेश यादव की सिखड़ी चट्टी पर सराफा की दूकान है। रोज की तरह सोमवार की रात दूकान बंद कर वह घर चला गया। रात में चोरों ने उसकी दूकान के शटर का ताला तोड़कर दूकान में रखी एक किलोग्राम चांदी, 15 ग्राम सोना चुरा लिया।
इसके बाद चोरों ने दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन स्थित डा. अच्छे लाल चौहान के मेडिकल स्टोर का भी ताला तोड़ा। यहां से चोर गैस सिलिंडर, मोबाइल, च्यवनप्राश सहित अन्य कीमती सामान चुरा ले गए।
चोरों ने पास में ही डा. सीके गिरि की दवा की दूकान का ताला तोड़ दिया। यहां से चोर कीमती स्वाथ्यवर्द्धक दवाइयां उठा ले गए। इसके बाद चोरों ने मुसाफिर राम और सद्दाम की गुमटी का भी ताला तोड़ यहां से कई जोड़ी जूता-चप्पल, सूप, खांची सहित अन्य सामान चुरा कर भाग निकले।
मंगलवार की सुबह आसपास के लोगों की नजर दूकानों के टूटे तालों पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना पीड़ित दूकानदारों को दी। सूचना के कुछ ही देर बाद पीड़ित दूकानदार अपनी-अपनी दूकानों पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर दुल्लहपुर थानाध्यक्ष गयासुद्दीन पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मुआयना करते हुए पीड़ित दूकानदारों से घटना की जानकारी ली। चोरी की सूचना पर उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष श्यामलाल यादव भी मौके पर पहुंचे और घटना पर कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने पुलिस से साफ कहा कि इन घटनाओं का खुलासा यदि पांच दिन के अंदर नहीं किया गया तो व्यापारी लामबंद होकर आंदोलन को बाध्य होंगे। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर चोरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। रात्रि गश्त भी बढ़ाई जाएगी।