बिरनो। थाना क्षेत्र के भड़सर पुलिस चौकी के पास गाजीपुर-मऊ फोरलेन पर सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार कार सर्विस लेन पर बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में शहर कोतवाली में तैनात कांस्टेबल रमन सिंह (32), पवन गुप्ता (28) और मृदुल शुक्ला (27) घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने तीनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि रमन सिंह को डॉक्टरों ने वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कांस्टेबल रमन सिंह, पवन गुप्ता और मृदुल शुक्ला कार से मऊ किसी जरूरी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान सर्विस लेन पर बने डिवाइडर से उनकी तेज रफ्तार कार टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए।
सूचना पर भड़सर पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
वहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल रमन सिंह को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। अन्य दो की हालत सामान्य है।