खानपुर की खबर में--मृतक अविरल मिश्रा की फाइल फोटो। स्रोत - परिजन
गाजीपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में रविवार को गंगा व गोमती नदी में नहाते वक्त बालक समेत तीन डूब गए। इनमें अविरल मिश्रा (10) व रोहन राजभर (13) का शव मिल गया है जबकि गंगौत्री (14) की तलाश की जा रही है। किशोर और किशोरी घाट पर छठ की वेदी बनाने के बाद गंगा में स्नान कर रहे थे। गहमर कोतवाली के गहमर पट्टी गोविंद राय निवासी खरपत्तू राजभर ने बताया कि बेटी गंगौत्री छठ महापर्व के लिए वेदी को बनाने के लिए पड़ोस के रोहन राजभर के साथ नरवा घाट गई थी। वहां पर बेदी बनाने के बाद गंगा में दोनों स्नान करने लगे। दोपहर करीब 1.30 बजे गहरे पानी में जाने से बेटी गंगौत्री और रोहन राजभर डूब गए। गहमर कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि किशोर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। किशोरी की तलाश कराई जा रही है। उधर, अमहेता गांव निवासी अनुराग मिश्रा ने बताया कि इकलौता पुत्र अविरल मिश्रा बड़ी बहन भूमि मिश्रा के साथ गोमती नदी में सुबह दस बजे नहाने गया था। वहां गहरे पानी में जाने से अविरल, भूमि और रिश्तेदारी में आई वाराणसी के चौबेपुर थाना के हरिहरपुर की सोना डूबने लगी। तीनों को डूबता देख घाट पर वेदी बना रहे लोग नदी में कूद गए और भूमि और सोना का बाल खींचकर नदी से बाहर निकाला। जब पुत्री नदी से बाहर आई तो बताया कि भाई अविरल डूबा है। स्थानीय मल्लाहों व युवकों ने करीब तीन घंटे बाद दोपहर एक बजे बालक का शव पानी से बाहर निकाला। खानपुर थानाध्यक्ष राजीव पांडेय ने बताया कि परिजनों के मना करने पर पंचनामा के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।