नंदगंज थाने में पड़ी मृतक की क्षतिग्रस्त बाइक। संवाद
नंदगंज। थाना क्षेत्र के कुसम्ही कला गांव के पास शनिवार को निजी सवारी बस की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं उसका दोस्त घायल हो गया। चालक बस छोड़कर भाग गया। युवक मित्र के साथ रिश्तेदार से छठ पूजा के लिए चावल लेकर घर जा रहा था। पिता ने बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी। शादियाबाद थाना क्षेत्र के खड़वाडीह निवासी रविंद्र प्रताप ने तहरीर देकर बताया कि पुत्र आशीष कुमार (20) सुबह बाइक से मित्र विवेक के साथ धरवां अपनी मौसी के यहां छठ पूजा के लिए चावल लेने आया था। चावल लेकर दोनों बाइक से घर आ रहे थे। कुसम्ही कला गांव के पास गाजीपुर से वाराणसी जा रही निजी सवारी बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आशीष की मौत हो गई। विवेक को वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संवाद