कासिमाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के कटया लहंग गांव में सोमवार की सुबह घर की सफाई कर रही महिला करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कटयां लहंग गांव निवासी राजेश राजभर की पत्नी नंदनी राजभर (30) सुबह 11 बजे घर में सफाई कर रही थी। सफाई के दौरान टेबुल फैन को हटाते समय अचानक करंट के चपेट में आ गई। नंदनी की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना के समय घर में बच्चों के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो महिला फर्श पर मृत पड़ी थी। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की जानकारी खेत में काम कर रहे परिजनों को दी। ग्रामीणों के अनुसार महिला के पति और ससुर घर के पास खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। मृतका के पति राजेश राजभर ने घटना से विवाहिता के मायके पक्ष को जानकारी दी। मायके पक्ष के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और धाड़ें मारकर रोने लगे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि टेबुल फैन में आ रहे करंट की चपेट में आने से महिला की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
करट की चपेट में आने से किसान की मौत
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बेटावर गांव में सोमवार की सुबह करीब 10 बजे धान की रोपाई करते समय खेत के बगल में लगा बिजली के खंभे में लगे छरकी के स्पर्श में आने से किसान रमेश गुप्ता (55) की मौत हो गई।
गांव निवासी रमेश गुप्ता धान की रोपाई कर रहे थे और खेत से खर पतवार निकाल खेत से सटे बिजली के खंभे के पास रखने लगे। खंभे में लगी छरकी से उनका हाथ स्पर्श कर गया। छरकी में करेंट होने के कारण उनकी मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बंद कराया। उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अर्थिंग तार की करंट से साइकिल मिस्त्री की मौत
मरदह। थाना क्षेत्र के बरही गांव में सोमवार को अर्थिंग के लिए लगे तार में आ रहे करेंट से साइकिल मिस्त्री की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों के रोने- बिलखने से मृतक के दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
गांव निवासी सूर्यनाथ राम (48) के घर के पास जा रहे अर्थिंग तार के संपर्क में आ गए। हादसे में वह करंट की चपेट में आकर अचेत हो गए और गिर पड़े। करंट लगने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीण उपचार के लिए उन्हें मरदह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूर्यनाथ बरही चट्टी पर साइकिल मरम्मत की दुकान चलाते थे। उनके मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गयी। पत्नी धर्मावती देवी सहित परिजनों के रोने बिलखने से गांव का माहौल गमगीन हो गया। सूर्यनाथ राम के भाई राजनाथ की तहरीर पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।