जमानिया। रेवतीपुर थानाक्षेत्र के एक गांव से लापता हुईं तीन सगी बहनों को पुलिस ने सुल्तानपुर जिले से बरामद कर लिया है। सोमवार को पुलिस टीम तीनों किशोरियों को कड़ी सुरक्षा के बीच थाने लेकर आई, जहां प्रारंभिक पूछताछ के बाद उन्हें मेडिकल परीक्षण व मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक बीते 30 अप्रैल को घरेलू कलह के चलते तीनों बहनें अचानक घर से निकल गई थीं। घरवालों को बिना बताए वे गाजीपुर पहुंचीं, जहां से ट्रेन पकड़कर सुल्तानपुर स्थित अपनी सहेली के घर जा पहुंचीं। पिता ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने करीब 20 स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
साथ ही कई मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाया। पुलिस ने बताया कि सबसे बड़ी बहन की उम्र 21 वर्ष है और वह बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है, जबकि अन्य दो बहनें 16 और 15 वर्ष की हैं। वे हाईस्कूल में पढ़ती हैं। तीनों की मां का निधन पहले ही हो चुका है वे अपने पिता के साथ रहती थीं।
जांच में पता चला कि तीनों बहनें सुल्तानपुर में अपनी सहेली के यहां जाकर काम की तलाश कर रही थीं। लोकेशन ट्रेस होते ही पुलिस ने उन्हें महिला थाना सुल्तानपुर के पास एक मकान से बरामद किया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल के साथ कांस्टेबल जितेंद्र पटेल, महिला आरक्षी आरती यादव और कांस्टेबल राहुल प्रजापति शामिल थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों बहनों को बरामद कर जिला मुख्यालय भेजा गया है।