सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई लूट के बाद भागते बदमाश।
- फोटो : सोशल मीडिया
करंडा (गाजीपुर)। रामपुरमांझा थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव के पास शुक्रवार की दोपहर ढाई बजे दिनदहाड़े बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने सहज जनसेवा केंद्र संचालक से 5.47 लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद तमंचे से हवा में तीन राउंड फायरिंग करते हुए भाग गए। देवचंदपुर गांव में यूनियन बैंक के गार्ड ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन आरोपी फायरिंग करते हुए भागे। पीड़ित से पूछताछ के बाद पुलिस सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर आरोपियों को चिह्नित करने में जुटी है।
धरवां गांव निवासी छोटे प्रजापति गांव में सहज सेवा जनसेवा केंद्र का संचालन करते हैं। छोटे के मुताबिक, वह पियरी स्थित यूनियन बैंक से 5.47 लाख रुपये निकाल कर बाइक से धरवां आ रहे थे। रुपये से भरा बैग को बाइक के हैंडिल में लटकाया था। बैंक से ढाई किमी दूर और सहज जनसेवा केंद्र से महज एक किमी दूर भवानीपुर गांव पहुंचने पर बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे और रुपयों से भरा बैग लूटकर कर भागने लगे। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने घटनास्थल पर तीन राउंड हवाई फायरिंग की और देवचंदपुर गांव की तरफ भाग गए। सूचना मिलते ही देवचंदपुर गांव के यूनियन बैंक में तैनात गार्ड ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है।