जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार को सड़क हादसे में पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
नंदगंज संवाददाता के अनुसार करंडा थाना क्षेत्र के रामनाथपुर गांव निवासी नगीना राम (45) अपनी पत्नी शीला देवी (40) को लेकर बाइक से पियरी गए थे। पति-पत्नी सुबह बाइक से घर लौट रहे थे। कुंवरपुर के पास सड़क किनारे पहले से खड़े ट्रक से अनियंत्रित होकर बाइक टक्करा गई। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिवार के साथ ही पुलिस भी अस्पताल पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि ट्रक को कब्जे कर लिया गया है। मृतक के परिजन के तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।
वहीं दुल्लहपुर संवाददाता के अनुसार सिखड़ी गांव निवासी प्राइवेट चिकित्सक राजकुमार सरकार (55) बखरा स्थित पेट्रोल पंप तेल भराकर घर लौट रहे थे। शादियाबाद थाना क्षेत्र के सराय गोकुल गांव के रहने वाले डीएम राजभर और उसका दोस्त 15 दिन पूर्व शादी में मिले बाइक से तेज रफ्तार दुल्लहपुर से हंसराजपुर की तरफ जा रहे थे। सिखड़ी हमीद मार्ग पर प्राइवेट चिकित्सक के बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में चिकित्सक राजकुमार की मौत हो गई। घायलों को मनिहारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। मृतक की पत्नी डाली और उनके तीन पुत्रियां और एक पुत्र दहाड़े मार कर रोने- बिलखने लगे। थानाध्यक्ष शैलेश मिश्रा ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।