हाईस्कूल में 11587 और इंटर की परीक्षा 12100 ने छोड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में बुधवार को पहली पाली में हाईस्कूल के छात्रों की अंग्रेजी एवं दूसरी पाली में इंटर की भौतिक विज्ञान की परीक्षा आयोजित हुई। इस परीक्षा में अलग-अलग केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों ने तीन छात्रों एवं अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए दो छात्राओं को पकड़ लिया।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने आज विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रथम पाली की परीक्षा में आदर्श शंकर इंटर कालेज, आदर्श वीरा इंटर कालेज एवं द्वितीय पाली में हनुमान इंटर कालेज, श्री पलक इंटर कालेज में छात्रों के आधार कार्ड एवं प्रवेश पत्र से फोटो का मिलान तथा स्कूल में लगे सीसी कैमरा का निरीक्षण करते हुए कक्ष निरीक्षक को निर्देश दिया कि कोई भी लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोकनाथ तिवारी ने आज कई केंद्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि पहली पाली में दो केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों ने अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए दो छात्राओं को पकड़ लिया। दूसरी पाली में कासिमाबाद क्षेत्र के एक केंद्र से एक छद्म छात्रों को पकड़ा गया। खानपुर संवाददाता के अनुसार सैदपुर तहसील क्षेत्र के एक केंद्र पर स्टेटक मजिस्ट्रेट ने बताया कि अंग्रेजी की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे एक छात्र को पकड़ लिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी सचल दल प्रभारी हेमंत राव की टीम, आंतरिक सचल दल एवं केंद्र व्यवस्थापक द्वारा संयुक्त रूप से विकासखंड सैदपुर के एक परीक्षा केंद्र पर जांच की। दूसरे के स्थान पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा परीक्षा दी जा रही थी।
सचल दल ने संदिग्ध व्यक्ति की जांच की जिसमें वह फर्जी पाया गया। उसको पकड़कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। सचल दल के प्रभारी बीएसए ने केंद्र व्यवस्थापक को छद्म परीक्षार्थी एवं अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार आज पहली पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी में कुल पंजीकृत 79823 में 68236 उपस्थित एवं 11587 अनुपस्थित थे। दूसरी पाली में इंटर भौतिक विज्ञान एवं इकोनामिक्स में 64299 में 52199 उपस्थित एवं 12100 ने परीक्षा छोड़ दी। एक केंद्र पर छद्म परीक्षार्थियों की आशंका को लेकर उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में छात्रों के आधार की जांच का काम देर शाम तक जारी था।