गहमर कोतवाली क्षेत्र के बकैनिया मोड़ के पास सोमवार को एक-एक करके तीन बाइकों में टक्कर हो गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भदौरा लाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने पिता-पुत्री सहित तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जमानिया निवासी कौशल कुमार सिंह (22) बक्सर से दीपावली का बाजार करके बाइक से घर जमानिया जा रहे थे। वहीं करहिया गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह (45) बाइक से भदौरा से बाजार करके करहिया वापस जा रहे थे। इधर, बाइक से अमित अपनी पत्नी फूल कुमारी, पुत्री मुस्कान और पुत्र गोलू बिहार के आरा जा रहे थे। बकैनिया मोड़ के पास धर्मेंद्र सिंह ने अचानक बाइक सड़क पर बीचो- बीच घुमा दिया। देखते ही देखते एक-एक करके तीनों बाइक आपस में भिड़ गई। हादसे में सभी बाइक सवार घायल हो गए। देखते ही देखते ग्रामीणों को भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भदौरा सीएचसी लाया। जहां पिता अमित, पुत्री मुस्कान और धर्मेंद्र की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सेवराई चौकी प्रभारी राजेश गिरी ने बताया कि घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर चौकी लाया गया है।
ईयर फोन लगाने की वजह से हुआ हादसा
सेवराई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार युवक और अधेड़ ईयर फोन लगाए थे। वहीं एक ही बाइक पर चार लोग बिना हेलमेट के यात्रा कर रहे थे। तीनों जब एक साथ आमने-सामने हुए दो बाइक पर से नियंत्रण खो बैठे और जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें तीनों बाइक टकरा र्र्गई।