गाजीपुर। साइबर क्राइम और पुलिस टीम ने टावर लगाने के नाम पर 22.88 लाख की ठगी करने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक गोरखपुर और दो देवरिया जनपद के निवासी है। साइबर थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा की अगुवाई में पुलिस ने रविवार को नारकोटिक्स चौराहा निकट पीजी काॅलेज गाजीपुर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें देवरिया जनपद के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के तेंदुबारी निवासी पवन श्रीवास्तव, रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के डुमरी निवासी इरशाद अंसारी और गोरखपुर जनपद के खोराबाजर थाना क्षेत्र के बेलवार निवासी सोनू श्रीवास्तव शामिल हैं। सीओ सदर सुधाकर पांडेय के मुताबिक कासिमाबाद थाना क्षेत्र के पूर्व बीडीसी सदस्य जय प्रकाश सिंह से आरोपियों ने पांच मई से लेकर नवंबर 2024 तक अलग-अलग किस्तों में 2.88 लाख रुपये का फ्रॉड किया था। पीड़ित ने आरोपियों पर साइबर क्राइम थाना मुकदमा दर्ज कराया। आरोपी फर्जी मोबाइल नंबरों से फोन करके टावर लगवाने और वहां उनके करीबियों को विभिन्न पदों पर नौकरी दिलवाने के नाम पर फ्राड करते हैं। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, 2.15 लाख रुपये और सिम कार्ड बरामद किया गया है।