दिलदारनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-9 में बुधवार की रात चोरों ने
एयरफोर्स के सेवानिवृत्त कर्मी के मकान को खंगाल डाला। इस दौरान 30 हजार
रुपये नकद, मोबाइल सहित कीमती कपड़ा उठा ले गए।
वार्ड नंबर-9 में
एयरफोर्स से सेवनिवृत्त हाजी जैनु आब्दीन का मकान है। बुधवार की रात वह
खाना खाने के बाद परिवार के साथ सोए थे। देर रात चोर छत से मकान में घुस
गए। मकान के ऊपरी मंजिल के जिस कमरा में जैनु आब्दीन सोए थे, उसी में चोर
घुस गए।
इसके बाद चोर अंदर रखे अटैची के साथ मेज पर रखे मोबाइल को लेकर
चम्पत हो गए। सुबह जब जैनु आब्दीन जगे तो मेज पर मोबाइल न देख परेशान हो
गए। उन्होंने परिवार के लोगों से मोबाइल के संबंध में पूछताछ की, लेकिन कुछ
पता नहीं चला। इस पर उन्हें संदेह हुआ। वह दोबारा अपने कमरे में गए तो
देखा कि अटैची गायब थी।
चोरी की जानकारी होते ही पास-पड़ोस के लोगों की
मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। इसी बीच पता चला कि मकान से कुछ दूरी पर मैदान
में एक टूटी अटैची पड़ी है। यह जानकारी होते ही पीडि़त मौके पर पहुंचा।
देखा कि अटैची टूटी पड़ी थी, जबकि उसमें रखा 30 हजार नकदी सहित एटीएम
कार्ड, कीमती कपड़े और अन्य कागजात गायब था।
पीडि़त ने बताया कि वह थाने पर
चोरी की तहरीर देने के लिए गया, लेकिन पुलिस ने तहरीर लेने से इंकार कर
दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह ने बताया कि थाने में कोई भी
व्यक्ति चोरी की तहरीर देने के लिए नहीं आया था। अगर आता है तो रिपोर्ट
लिखकर मामले की छानबीन की जाएगी।