रेवतीपुर। थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया। करीब साढ़े पांच लाख के आभूषण के साथ पांच हजार नकदी उड़ा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। फारेंसिक टीम घंटों जांच पड़ताल में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। गांव निवासी पीड़िता नीलम देवी ने बताया कि देर रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार सो रहा था। सुबह नींद टूटने पर पास के कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। कमरे का पूरा सामान बिखरा हुआ था। अटैची और बक्सा खुला हुआ था। उन्होंने बताया कि अटैची और बक्से में रखा करीब 110 ग्राम का पांच लाख 50 हजार के सोने का आभूषण और 500 ग्राम चांदी के करीब 35 हजार के आभूषण के अलावा पांच हजार नकदी चोरों ने उड़ा दिया। पीड़िता के शोर मचाने पर आस-पास के लोगों की भीड़ दरवाजे पर लग गई। गांव के लोगों ने मकान के पास खेत में आभूषणों का खाली डिब्बा भी बरामद किया। पीड़िता ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। इधर कुछ देर बाद फारेंसिक टीम भी घटना स्थल पर पहुंच गई और साक्ष्यों को एकत्र कर जांच पड़ताल में लग गई। थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह ने बताया पीड़िता की ओर से तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।