मौधा। सैदपुर के उद्योग व्यापार समिति का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह से मिला। इस दौरान डीएम को एक पत्रक सौंपकर यह मांग की गई कि छोटे एवं मझोले दुकानदारों को भी कुछ घंटों के लिए दुकानों को खोलने की अनुमति दी जाए। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों की ओर से यह भी मांग उठाई गई कि गरीब पोषण योजना के तहत रेहड़ी, ठेला एवं खोमचा दुकानदारों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता की सूची में छूटे हुए वास्तविक पात्रों के नाम भी दर्ज किए जाएं। इसके लिए जिलाधिकारी ने तत्काल उपजिलाधिकारी सैदपुर विक्रम सिंह एवं ईओ संतोष मिश्रा को कार्रवाई के निर्देश दिए। भीतरी मोड़ के पास क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की भी मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल में समिति के संरक्षक विनीत जायसवाल, अध्यक्ष विकास बरनवाल, सलाहकार पंकज श्रीवास्तव, विधायक प्रतिनिधि आशू दुबे, अनूप जायसवाल एवं राजेश मौर्या आदि शामिल थे।
(फोटो भी)