मरदह। सादात से मरदह तक निर्माणाधीन फोरलेन पर जलनिकासी के लिए बगही गांव के पास नाला बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान चेतावनी दिया कि अगर नाला निर्माण नहीं किया गया तो सड़क निर्माण कार्य बाधित कर देंगे। ग्रामीणों ने बताया कि बगही गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय सहित पूरे गांव में लोगों को बरसात के समय जलजमाव होने से बड़ी समस्या का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों का आरोप था कि इस संदर्भ में जिलाधिकारी सहित उच्चाधिकारियों को कई बार प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। सड़क बन जाने के बाद इस समस्या का समाधान नहीं हो सकेगा, जिससे सभी लोग जलजमाव की समस्या को झेलने के लिए बाध्य होंगे। सड़क निर्माण कार्य तब तक बाधित करेंगे जब तक नाले का निर्माण न हो जाए। इस अवसर पर दीपचंद्र गोंड़, राहुल, उमेश गोंड़, श्लोक गुप्ता, आदर्श सिंह, मैनेजर गोंड़, रामकरन आदि मौजूद रहे।