गाजीपुर। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) गाजीपुर की टीम ने गांजा तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंड़ाफोड़ किया है। 50.75 किलोग्राम गांजा के साथ तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया है।
जबकि मुख्य सरगना फरार हो गया है, जिसकी तलाश में जगह-जगह एएनटीएफ की टीम दबिश दे रही है। पूछताछ में सामने आया है कि सभी बिहार से बालू में छिपाकर गांजा लाते और गाजीपुर के अलावा वाराणसी, चंदौली और भदोही तक सप्लाई करते थे।
एएनएटीएफ गाजीपुर के निरीक्षक सुरेंद्र नाथ सिंह के मुताबिक चार दोस्त गांजा की तस्करी में लिप्त थे। इनमें मुहम्मदाबाद थानाक्षेत्र के बालापुर निवासी विश्वजीत उर्फ बिशु सरगना है।
वह मुहम्मदाबाद में बालू की दुकान चलाता है। उसके साथ गांजा तस्करी का काम बरेसर थानाक्षेत्र के अलावलपुर निवासी विजय प्रताप सिंह (20), शहर कोतवाली क्षेत्र के गोराबाजार निवासी नसीर रायनी (19) और मुहम्मदाबाद थानाक्षेत्र के नथनपुर निवासी रोहित कुमार गोंड़ (19) करते।
पूछताछ में जानकारी मिली की सभी बिहार से ट्रक से आ रहे बालू में छिपाकर गांजा लाते थे। इसके बाद उसकी आसपास के जिलों में सप्लाई करते। यह कार्य करीब एक साल से कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि यह गांजा की तस्करी के लिए औड़िहार गए हैं। वहां सैदपुर पुलिस की मदद से शरीफपुर पुल के पास चेकिंग शुरू की गई। इस दौरान दो कार से सभी पहुंचे, जिसमें एक पुलिस को देख विश्वजीत उर्फ बिगू भाग निकला।
जबकि पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही कार से 50.75 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी जा रही है। आरोपियों के पास से चार मोबाइल, दो कार बरामद किया गया है।