गाजीपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी सिटी-औड़िहार-गाजीपुर सिटी-बलिया-छपरा रेल खंड पर मंगलवार को स्पेशल ट्रेन वाराणसी सिटी से रवाना हुई। औड़िहार, नंदगंज, सैदपुर भितरी, गाजीपुर सिटी, बलिया, सहतवार, सुरेमनपुर स्टेशनों पर रुकते हुए ट्रेन छपरा जंक्शन तक गई। इस ट्रेन से चल रहे मंडल रेल प्रबंधक वीके पंजियार ने कोरोनॉ वायरस से जारी जंग में कर्मचारियों की तैयारी देखी। उन्होंने इन परिस्थितियों में काम कर रहे लाइन कर्मचारियों को राहत प्रदान करने के लिए फल, बिस्कुट और राशन वितरित किया।
ट्रेन में चल रही मेडिकल टीम में डॉ. नीरज कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। उन्हें कोरोनॉ से बचाव के लिए बरती जाने वाली सावधानियों को व्यवहार में लाने तथा सुरक्षित दूरी बनाकर अपना कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। थर्मल जांच मशीन से सभी रेलवे स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गई।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि 21 दिनों के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के कारण देश में सभी यात्री ट्रेन सेवाओं को 14 अप्रैल तक रद्द कर दिया गया है। वर्तमान में मालगाड़ियां चल रही हैं और इस कारण देश के विभिन्न हिस्सों में आवश्यक वस्तुओं के परिवहन के लिए स्वास्थ्य और सुरक्षित स्थिति में पटरियों को रखना आवश्यक है। उनके साथ वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) राजीव अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-दो प्रवीण कुमार पाठक, वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी डा. नीरज कुमार एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर ओएंडएफ अरविंद कुमार एवं वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित थे।