महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज के 100 बेड के महिला अस्पताल स्थित टीकाकरण कक्ष मंगलवार को बंद मिलने पर तीमारदारों ने हंगामा किया। कुछ देर बाद पहुंचे स्वास्थ्यकर्मी ने हेपेटाइटिस का टीका ऑनलाइन दर्ज न होने का हवाला देकर टीकाकरण से इनकार कर दिया, जिससे दोबारा हंगामा शुरू हो गया। बाद में नवजात को टीका लगाए जाने पर मामला शांत हुआ। 24 घंटे पूर्व महिला अस्पताल में नवजात का जन्म हुआ था। नियमानुसार उसे हेपेटाइटिस का टीका लगाया जाना था। परिजन जब टीकाकरण कक्ष पहुंचे तो ताला बंद मिला। ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों से पूछने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर नवजात को तत्काल टीका लगाया गया। सीएमओ डॉ. एसके पांडेय ने बताया कि टीकाकरण कर दिया गया है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।