रेवतीपुर के टौंगा गांव में रविवार की रात चोरी।
- फोटो : GHAZIPUR
रेवतीपुर। थाना क्षेत्र के टौंगा गांव में रविवार की देर रात चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाया। ताला तोड़कर तीस हजार नकदी सहित ढाई लाख रुपये के आभूषण चुरा कर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में कर रही है। गांव निवासी उमेश चंद्र उपाध्याय और उनका पूरा परिवार पुत्री की शादी के लिए नगर क्षेत्र स्थित बुक किए गए मैरेज हाल में था। देर रात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर बक्से में रखे तीस हजार नकदी एवं ढाई लाख के आभूषण चुरा लिए और फरार हो गए। पीड़ित परिवार जब घर पहुंचा तो टूटा ताला देखकर आवाक रह गया। चोरी की खबर मिली तो ग्रामीण भी जुट गए। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन में जुट गई। इधर ग्रामीणों ने कहा कि गांव में यह चोरी की 10वीं वारदात है। चोरी की लगातार घटना हो रही है, लेकिन पुलिस निष्क्रिय बनी है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि एक भी मामले का पुलिस ने आज तक खुलासा नहीं किया। क्षेत्र में पुलिस की रात में गश्त बंद है। प्रभारी निरीक्षक राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर मिली है। फिलहाल पुलिस टीम मामले की छानबीन कर रही है।