गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के फुल्लनपुर में सेव्रानिवृत्त एसडीएओ के मकान को चोरों ने बुधवार की रात निशाना बनाया। बंद मकान से चोर नकदी समेत लाखों रुपये के जेवरात लेकर चंपत हो गए। बृहस्पतिवार को घर लौटने पर भवन स्वामी को चोरी की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी। पीड़ित और उसके परिजन होली मनाने के लिए अपने गांव गए हुए थे। जंगीपुर थाना क्षेत्र के तारनपुर गांव निवासी श्याम नारायण सिंह पाल बिजली विभाग से एसडीओ के पद से सेवानिवृत्त हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने बताया कि वह परिजनों के साथ होली मनाने अपने गांव तारनपुर गए थे। बृहस्पतिवार को जब वह वापस लौटे तो मेन गेट का ताला टूटा था। अंदर पहुंचे तो वहां सामान बिखरे थे। बताया कि चोर घर में रखे 70 हजार रुपये की नकदी सहित करीब 15 लाख के सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए। सूचना पर शुक्रवार को सुबह पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।