करंडा (गाजीपुर)। रामपुर मांझा थाना क्षेत्र के रहीमपुर उर्फ मुस्लिमपुर गांव निवासी एवं बिहार के जमुई जिले में डीआरडीए में निदेशक पद पर तैनात बलवंत कुमार पांडेय के मकान में चोरों ने घुसकर लाखों रुपये के आभूषण व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार की देर शाम पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी।
रामपुर मांझा थानाध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रहीमपुर उर्फ मुस्लिमपुर गांव निवासी बिहार के जमुई जिले में तैनात निदेशक के पद पर डीआरडीए में तैनात बलवंत कुमार पांडेय के भाई अशोक कुमार पांडेय ने तहरीर दी है। जानकारी दी कि वह शुक्रवार सुबह शौच के बाद घर लौटे और मुख्य गेट का चैनल खोलकर अंदर पहुंचे तो कई दरवाजों के ताले-कुंडियां टूटी थीं। गोदरेज का लॉकर भी क्षतिग्रस्त था और कपड़े, बर्तन समेत अन्य सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। उन्होंने घटना की जानकारी अपने भाई को देने के बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। रामपुर मांझा थानाध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।