नंदगंज। दिलदारनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने शुक्रवार को नंदगंज थाना में तहरीर दिया। तहरीर में उसने आरोप लगाया कि एक गांव के ग्राम प्रधान ने अपने जाल में फंसाकर उसका शारीरिक शोषण किया और गर्भपात भी कराया। बाद में अपने तीन साथियों के साथ ही मेरा शारीरिक शोषण करने के साथ ही मारापीटा। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
युवती ने तहरीर में आरोप लगाया कि वह दिलदारनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली है और नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवां सोहराब बाबा के यहां बार-बार उपचार कराने के लिए आ रही थी। इसी बीच थाना क्षेत्र के एकगांव के ग्राम प्रधान से दो वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात हो गई और धीरे-धीरे दोनों में आंतरिक संबंध हो गया। एक वर्ष पूर्व प्रधान ने करंडा क्षेत्र के एक गांव में मेरी शादी करा दी, लेकिन शादी के बाद भी प्रधान ने उससे संबंध बनाए रखा। प्रधान इलाज के बहाने अक्सर मुझे वाराणसी ले जाता रहा। इसी बीच गर्भवती होने पर प्रधान ने दबाव देकर मेरा गर्भपात भी करा दिया। इसी बीच प्रधान बीते 31 दिसंबर को रिजर्व गाड़ी करके वाराणसी ले गया। वहां से लौटते समय रास्ते में प्रधान ने अपने दो अन्य परिचितों को वाहन में बैठा लिया। जब कार बाइपास धरवां के पास पहुंची तो सभी ने मेरा शारीरिक शोषण करते हुए मारने-पीटने लगे। इसी बीच वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढा में पलट गया। बचाओ-बचाओ की आवाज पर ग्रामीण पहुंचे। इससे पहले ही प्रधान अपने साथियों के साथ फरार हो गया। मैंने और नशे में धुत चालक ने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी।
ग्रामीणों की सूचना पर धरवां के ग्राम प्रधान ने घटना से पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस मुझे और चालक को थाना ले आई। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी प्रधान को बुलाया और घटना को छिपाते हुए अधिकांश तथ्यों को दरकिनार करते हुए कार चालक तथा आरोपी ग्राम प्रधान का मात्र 151 में चालान कर दिया था। मीडिया कर्मियों द्वारा उच्चाधिकारियों से घटना के संबंध में पूछताछ करने के बाद पुन: तीन जनवरी को पीड़ित युवती से पुलिस ने तहरीर लिया। विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक नखड़ू राम सरोज ने बताया कि ग्राम प्रधान, चालक और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। शनिवार को महिला पुलिस के संरक्षण में युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई में तेजी लाई जाएगी।