मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को एक बार फिर से मौसम ने पलटी खाई। शहर सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आंधी के साथ ही कहीं हल्की तो कहीं झमाझम बारिश हुई। कई ग्रामीण क्षेत्रों से बारिश के साथ ही ओले पड़े। वर्षा और तेज हवाओं की वजह से एक बार फिर गुलाबी ठंड का अहसास हुआ। ऐसे में एक तरफ जहां मार्गों पर आवागमन कर रही अधिकांश महिलाएं शाल ओढ़े नजर आई, वही कई युवतियां और पुरुष गर्म कपड़ों में।
होली के बाद मौसम का मिजाज काफी गर्म हो गया था। धूप लोगों को गर्मी का एहसास कराने लगी थी।
इसी क्रम में 16 मार्च को मौसम में अचानक परिवर्तन हुआ और दिन में तेज हवा के साथ रुक-रुककर बारिश हुई। इस दौरान फसलों को काफी क्षति हुई थी। इसके बाद मौसम साफ हो गया और आसमान से आग बरसने लगी। इसी बीच सोमवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली। सुबह दस बजे के करीब शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। कहीं हल्की बारिश हुई तो कहीं झमाझम। बारिश के बीच भांवरकोल में ओले भी पड़े। घंटों रुक-रुककर धीमी और तेज बारिश का सिलसिला बना रहा। इस दौरान चल रही तेज हवा से लोगों को कंपकंपी होती रही।