जिले में गंगा का जलस्तर 3 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। गंगा में बढ़ाव के कारण भांवरकोल क्षेत्र मुबारकपुर मौजा में कटान शुरू हो गया है। कटान के कारण शुक्रवार को दो बिस्वा भूमि गंगा में समा गई।
भांवरकोल क्षेत्र का मुबारकपुर मौजा गंगा किनारे है। यहां केवट समाज के लोग रहते हैं। गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से लोग डरे हुए हैं। उनका कहना है कि गंगा का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में बस्ती पर संकट के बादल मंडराने लगेंगे। अगर बढ़ाव इसी तरह रहा तो भविष्य में कटान भी तेजी से होगा। वहीं गंगा का जलस्तर 58.990 मीटर दर्ज किया गया। गंगा अभी चेतावनी बिंदु 61.550 मीटर से तीन मीटर नीचे बह रही है। औड़िहार में गंगा का जलस्तर बढ़ने से किसान चिंतित है।