मरदह। क्षेत्र के सोढ़रा गांव में विधायक निधि से साढ़े पांच लाख की लागत से ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से 100 मीटर इंटरलॉकिंग मार्ग निर्माणाधीन है। बुधवार को आक्रोशित ग्रामीण निर्माण सामग्री ईंट, बालू आदि के प्रयोग एवं ग्राम पंचायत के खड़ंजे की पुरानी ईट का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य कर रहे मजदूरों को खदेड़कर काम बंद करा दिए। इसके बाद निर्माणाधीन सड़क उखाड़ दी। निर्माणाधीन रोड पर दर्जनों की तादाद में एकत्र होकर उन्होंने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना था कि मानकविहीन निर्मित की जा रही सड़क दो महीने में टूट जाएगी। अगर पुनः नए सिरे से सड़क निर्माण नहीं किया गया तो मतदान का बहिष्कार करेंगे। इस संबंध में जेई दीपक तिवारी ने बताया कि इस कार्य का स्टीमेट मैंने बनाया। अभी बॉन्ड भी नहीं बना है। ठेकेदार मेरी जानकारी के बगैर मनमाने ढंग से कार्य कर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उच्चाधिकारियों एवं मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करेंगे। इस अवसर पर प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों में ओमकार, बलिराज, रामकृत, विनोद आदि मौजूद थे।