थाना क्षेत्र के भड़सर पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को गाजीपुर से मऊ जा रहे ट्रक ने बाइक को धक्का मार दिया। इस घटना में एक की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर गाजीपुर-मऊ राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। जाम की सूचना पर पहुंचे सीओ और तहसीलदार के आश्वासन के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। ढाई घंटे तक चले जाम से यातायात बाधित रहा।
क्षेत्र के बंतरा गांव निवासी रमेश राजभर (45) अपने मित्र बिजापतपुर निवासी सनोज राजभर (33) के साथ एक शादी समारोह से मंगलवार की सुबह अपने घर लौट रहे थे।
सुबह कोहरा होने के चलते गाजीपुर से मऊ की ओर से जा रहे ट्रक ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक चला रहे रमेश राजभर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सनोज राजभर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को इस घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने गाजीपुर-मऊ राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। दुर्घंटना और जाम की जानकारी होते ही आस- पास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी जब जाम समाप्त नहीं हुआ तो इसकी जानकरी आला अधिकारियों को दी गई।
सूचना मिलने पर सदर तहसीलदार बृजेश वर्मा और सीओ हृदयानंद सिंह घटना स्थल पर पहुंच गए। तहसीलदार ने मृतक के परिजनों से वार्ता कर किसान बीमा योजना के तहत पांच लाख तथा पारिवारिक लाभ और जनधन के तहत पैसा दिलवाने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। करीब ढाई घंटे लगे जाम के चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।