पुलिस लाइन के पास इसी स्थान पर होना है नवीन स्टेडियम का निर्माण।
शहर के पुलिस लाइन के पास खाली पड़ी जमीन पर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के निर्माण को जल्द ही पंख लगेंगे। मंगलवार को प्रदेश की सत्तासीन नई सरकार ने करोड़ों की लागत से बनने वाले इस स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के निर्माण को हरी झंडी प्रदान कर दी। सरकार के इस फैसले से जिले के खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में हर्ष है। अमर उजाला ने अपने 25 मार्च के अंक में स्टेडियम निर्माण से संबंधित खबर प्रकाशित किया था।
जिले में नवीन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स की जरूरत काफी समय से महसूस की जा रही थी। खिलाड़ियों की इस जरूरत को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के तत्कालीन धर्मार्थ कार्य राज्यमंत्री विजय मिश्र ने दमदारी के साथ पहल की थी। उनकी पहल के बाद नवीन स्टेडियम के निर्माण को उस समय की कैबिनेट की तरफ से मंजूरी प्रदान कर दी गई थी। सरकार की तरफ से मंजूरी मिलने के बाद बीते वर्ष के अंत में स्टेडियम का शिलान्यास भी किया गया था।
इसके बाद विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में नई सरकार बनने पर नवीन स्टेडियम के निर्माण को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में संशय बना हुआ था। मंगलवार को हुई प्रदेश कैबिनेट की बैठक में काफी दिनों से बने इस संशय पर विराम लग गया। कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में जिले में भव्य स्टेडियम निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी गई। सरकार की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद अब पुलिस लाइन के पास खाली पड़ी 6.310 हेक्टेयर (लगभग 26 बीघा) जमीन पर नवीन स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।
स्टेडियम में बैडमिंटन, टेबुल टेनिस, कुश्ती हाल, तैराकी, एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबाल एवं बास्केटबाल कोर्ट के साथ ही बालक-बालिका छात्रावास, प्रशासनिक भवन, दर्शक दीर्घा का निर्माण कराने की योजना है। सरकार के इस फैसले से खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में जबरदस्त प्रसन्नता है। प्रभारी जिलाधिकारी-सीडीओ अरविंद पांडेय ने बताया कि कैबिनेट ने नवीन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी है।
उप क्रीड़ाधिकारी जवाहरलाल यादव ने बताया कि नवीन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स को स्वीकृति मिल गई है। इसके निर्माण से भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी। क्रिकेटर तनवीर आलम ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से जिले में सुविधाओं का विस्तार होगा।