गाजीपुर। नूरपुरकांड की जांच कर रहे जमानिया एसडीएम और सीओ ने मंगलवार की देर शाम नगसर के तत्कालीन थानाध्यक्ष और दो पुलिस कर्मियों का बयान दर्ज कर लिया। पीड़ित और अन्य पुलिस कर्मियों का भी जल्द बयान दर्ज किया जाएगा। इसको लेकर दोनों अधिकारियों की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है।
शासन के निर्देश जिलाधिकारी ने स्थानीय स्तर पर जमानिया एसडीएम सत्यप्रिय सिंह और सीओ सुरेश शर्मा को 15 दिन के अंदर जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। इसी सिलसिले में एसडीएम और सीओ मंगलवार की देर शाम थाने पहुंचे और दो पुलिस कर्मियों और पूर्व थानाध्यक्ष का बयान दर्ज करने के साथ घंटों पूछताछ भी की। इस दौरान पुलिस कर्मियों में खलबली की स्थिति बनी रही है। वहीं अन्य पुलिस कर्मियों और पीड़ितों का बयान दर्ज करने के लिए दोनों अधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है, जिससे पूरे मामले की रिपोर्ट निर्धारित समय के अंदर जिलाधिकारी को सौंपी जा सके। इस संबंध में जमानिया एसडीएम सत्यप्रिय सिंह ने बताया कि पूर्व थानाध्यक्ष समेत तीन का बयान दर्ज कर लिया गया है। शेष का बयान जल्द ही दर्जकर जिला प्रशासन को रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।