देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री की ओर से हर घर तिरंगा अभियान की घोषणा की गई है। इस अभियान के तहत उन्होंने देश के सभी नागरिकों से अपने-अपने घरों में 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा फहराने की अपील की है। इस अभियान में डाक विभाग की तरफ से हर घर तिरंगा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी। वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्णकुमार यादव ने बताया कि सभी प्रधान डाकघरों में एक अगस्त से बिक्री के लिए तिरंगा उपलब्ध रहेगा जिसे लोगों द्वारा 25 रुपए में ख़रीदा जा सकता है। शीघ्र ही इसे अन्य डाकघरों में भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत प्रत्येक प्रधान डाकघर में एक सेल्फी प्वाइंट (राष्ट्र ध्वज एवं स्वतंत्रता संग्राम पर जारी डाक टिकटों तथा विशेष आवरणों के फिलेटली फ्रेम के साथ) भी बनाया जाएगा। नागरिकों को इस सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेने के बाद #indiapost4Tiranga और #HarGharTiranga हैशटैग के साथ इंडिया पोस्ट और अमृत महोत्सव हैंडल को टैग करते हुए सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करने के लिए उत्साहित किया जाएगा। सोशल मीडिया पर अभियान के साथ-साथ डाक कर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों की भागीदारी के साथ प्रभात फेरी का आयोजन भी किया जाएगा।