परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को स्मार्ट बनाने के लिए जन सहयोग से स्मार्ट टीवी लगाए जा रहे हैं। बेसिक शिक्षा विभाग धीरे-धीरे जनपद के अधिकांश विद्यालयों में स्मार्ट टीवी लगाने की मुहिम में जुटा है। 15 अगस्त के बाद एक हजार विद्यालयों को स्मार्ट टीवी से लैस करने की तैयारी है। जिसके बाद जनपद के करीब 1450 विद्यालय स्मार्ट टीवी से लैस हो जाएंगे, जिससे बच्चों को ऑडियो-वीडियो के माध्यम से रूचिकर शिक्षा प्रदान किया जा सके।
बेसिक शिक्षा विभाग का जोर है कि विद्यालयों में कम से कम 40 इंच का स्मार्ट टीवी लगाया जाए। ताकि नर्सरी से कक्षा-3 तक के बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर भाषा और गणित सीखने में दिक्कतों का समाधान हो सके। क्योंकि स्मार्ट टीवी में चलने वाले ऑडियो-वीडियो बच्चों को सिखाने में काफी कारगर होता है। पिछले दिनों जनपद में 450 स्कूलों में स्मार्ट टीवी लगाया गया है। जिसमें 300 स्मार्ट टीवी और 250 प्रोजेक्टर हैं। इसी के अगले चरण में एक हजार स्मार्ट टीवी लगाने के लिए जनप्रतिनिधियों, बैंकों, पीएम जन विकास कार्यक्रम से सहयोग लिया जा रहा है। अभी जनसहयोग से 60 टीवी उपलब्ध हो गया है। विभाग का कहना है कि लक्ष्य का 60 फीसदी टीवी उपलब्ध होने के बाद कार्यक्रम आयोजित कर औपचारिक वितरण किया जाएगा। उम्मीद है कि 15 अगस्त के बाद जनपद में स्मार्ट टीवी की उपलब्धता हो जाए।
ऑडियो-वीडियो आधारित चलेंगी कक्षाएं, तीन महीने पर परीक्षा
विद्यालयों में टीवी लगने के बाद हरेक तीन महीने पर बच्चों का आकलन किया जाएगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बहु विकल्पी सवाल आधारित परीक्षा आयोजित होगा। इससे पहले स्मार्ट टीवी के माध्यम से शिक्षा ऐप को चलाया जाएगा। जिसमें पाठ्यक्रम को ऑडियो वीडियो के तौर पर रखा गया है। इंटरनेट के जरिए टीवी पर पाठ को पढ़ाने का काम होगा।
कुंडेसर स्थित कंपोजिट विद्यालय में हुआ था कार्यक्रम
पिछले दिनों कुंडेसर स्थित कंपोजिट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बलिया के सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त 201 स्मार्ट टीवी वितरण कर योजना का शुभारंभ किया था। मालूम हो कि जिले में 2269 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 1468 प्राथमिक, 352 उच्च प्राथमिक तथा 449 कंपोजिट विद्यालय हैं। इन स्कूलों में बिजली की आपूर्ति ठीक से हो, इसका ध्यान भी रखा जाएगा। जिन विद्यालयों में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था नहीं है वहां वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
बच्चों को आडियो-वीडियो के माध्यम से सीखाना आसान होता है। इसके लिए विद्यालयों में जनसहयोग से स्मार्ट टीवी लगाया जा रहा है। अभी एक हजार विद्यालयों को इससे लैस करने की तैयारी है।
हेमंत राव, बीएसए