भदौरा के लोगों को मिली एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर रविवार से पटना-कोटा एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव शुरू हुआ। मुख्य अतिथि रेल राज्यमंत्री के प्रतिनिधि सुनील सिंह एवं रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य रमाकांत सिंह ने संयुक्त रुप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया।आय की दृष्टि से दानापुर मुगलसराय रेलखंड के अच्छे स्टेशनों में शामिल भदौरा रेलवे स्टेशन पर क्षेत्रीय लोगों की तरफ से वर्षों से कई ट्रेनों के ठहराव की मांग की जा रही थी।
जिले के सांसद एवं रेलराज्य मंत्री मनोज सिन्हा के प्रयास से 13237 अप एवं 13240 डाउन पटना-कोटा एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव होने से लोगों में खुशी है। रविवार को मुख्य अतिथि रेल राज्यमंत्री के प्रतिनिधि सुनील सिंह एवं रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य रमाकांत सिंह ने संयुक्त रुप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया। 13237 नम्बर की अप ट्रेन दिन में 1:58 बजे भदौरा पहुंचेगी और दो बजे प्रस्थान करेगी।
डाउन में यह ट्रेन अपरान्ह 2:25 पर आएगी और 2:27 पर रवाना होगी। इससे पूर्व ट्रेन रुकते ही स्थानीय लोगों ने ट्रेन को फूलों से सजा दिया। ट्रेन के चालक सह चालक एवं गार्ड का माल्यार्पण कर मुंह मीठा कराया गया।इस मौके पर बलवंत सिंह सकरवार, नरेन्द्र गुप्ता, बिहारी यादव, महेंद्र वर्मा, रविन्द्र गिरी, अनिल खरवार, धर्मशंकर सिंह, जिला पंचायत सदस्य मनीष सिंह, बिट्टू, पप्पू, जियाउद्दीन खां, टुन्नू खां, रासबिहारी श्रीवास्तव, श्रीराम सिंह आदि उपस्थित रहे। संचालन पंकज रौनियार और कार्यक्रम के संयोजक राकेश सिंह ने सभी का आभार जताया।