दिलदारनगर के वायरलेस चौराहा रेलवे क्रासिंग का खुला बुम। स्रोत- पाठक
दिलदारनगर। दिलदारनगर-ताड़ीघाट रेलखंड पर शनिवार को एक बड़ी लापरवाही मिली। दिलदारनगर-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन धड़धड़ाते हुए रेलवे ट्रैक पर आ रही थी। लेकिन, दिलदारनगर जंक्शन से एक किलोमीटर दूर स्थित वायरलेस चौराहा पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग का फाटक खुला था। गेटमैन भी मौके पर नहीं था। पैसेंजर ट्रेन के लोकोपायलट ने कुछ दूर से यह नजारा देख लिया और ब्रेक लगा दिया। लोको पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा बच गया।
सहायक रेल पथ निरीक्षक दिलीप कुमार ने बताया कि दिलदारनगर-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन दिलदारनगर जंक्शन से अपने निर्धारित समय से सुबह 8.15 से दो घंटे विलंब से 10.09 बजे रवाना हुई। दिलदारनगर जंक्शन को छोड़ते ही पैसेंजर ट्रेन रफ्तार पकड़ने लगी।
दिलदारनगर जंक्शन से एक किमी दूर वायरलेस चौराहा के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग का फाटक खुला रहा। ट्रेन आने को लेकर भी रेलवे फाटक बंद नहीं किया गया था। जबकि यह काफी व्यस्त रेलवे फाटक है। पैसेंजर ट्रेन के लोकोपायलट ने कुछ दूर से ही भांप लिया कि रेलवे फाटक खुला हुआ है। उसने ब्रेक लगाकर तुरंत ट्रेन को रोक दिया। साथ ही इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने पर रेल पथ विभाग के अधिकारियों ने गेटमैन से मोबाइल के माध्यम से संपर्क किया। इसके बाद गेटमैन मौके पर पहुंचा और रेलवे फाटक को बंद किया, तब जाकर ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। इस दौरान 17 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही।