संगठन से जुड़े कार्यकर्ता से बदसलूकी का आरोप लगाते हुए भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पांडेय मोड़ स्थित कार्यालय से जुलूस निकाला। जुलूस विभिन्न रास्तों से होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचकर सभा के रूप में तब्दील हो गया।
संगठन के जिला सचिव रामप्यारे राम ने आरोप लगाया कि खेत मजदूर सभा के लिए सदस्यता अभियान चलाने गए पार्टी के नेता बुच्चीलाल से बदसलूकी कर सामंती ताकतों ने लोकतांत्रिक अधिकारों की हत्या की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि बदसलूकी करने वालों पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार नहीं किया गया तो पार्टी दो सप्ताह बाद तियरी मार्च करेगी।
उन्होंने कहा कि सामंती ताकतें बेखौफ होकर गांवों में गरीबों पर अत्याचार कर रही हैं। खेत मजदूर सभा सदस्यता अभियान के माध्यम से इनके खिलाफ संघर्ष तेज करेगी।
प्रदर्शनकारियों ने डीएम को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। सभा में बुच्चीलाल, तेज बहादुर, रामस्वरूप पासी आदि ने विचार व्यक्त किया।