नंदगज। देवकली ब्लाॅक के बरहपुर गांव में सफाई नहीं होने से गांव में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है। गांव में तैनात सफाई कर्मी गांव में नहीं दिखाई दे रहे हैं। गांव में पिछले दो माह से तीन सफाई कर्मी की तैनात होने से पूरे ग्राम सभा की सफाई नहीं हो पा रही है, जिससे ग्रामवासियों में रोष है।
बरहपुर ग्राम पंचायत को साफ सुथरा करने के लिए गांव में छह सफाई कर्मी तैनात किए गए थे। पिछले दो माह से तीन सफाई कर्मियों के भरोसे ग्राम पंचायत में साफ सफाई की व्यवस्था कर दी गई है। जिससे साफ-सफाई नहीं हो पा रही है। गांव में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। गांव की नालियां जाम है, जिससे गांव में संक्रमण रोग होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामवासियों का कहना है कि गांव को साफ एवं स्वच्छ रखने के लिए सरकार ने छह सफाई कर्मी की नियुक्ति की थी, लेकिन गांव से तीन सफाई कर्मी को दूसरे गांव में भेज दिया गया है। गांव में जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ है, जिससे गांव में डेंगू मलेरिया आदि बीमारियों का अंदेशा बना रहता है। बरसात से पहले ये नालियां साफ नहीं हुई तो घर का पानी भी नहीं निकल पाएगा। नंदगंज कस्बा में सफाई कर्मी आते ही नहीं है।
उधर सफाई कर्मियों का कहना है कि प्रधान जहां भेजते हैं, वहां हमलोग जाते हैं। तीन ही संख्या होने से इतने बड़ी ग्राम पंचायत की सफाई कैसे हो पाएगी। ग्रामवासियों ने डीपीआरओ से मांग की है कि प्रतिदिन गांव की सफाई की जाए, जिससे संक्रमण रोग न फैलने पाए। इस बारे में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कुश सिंह ने कहा कि ग्रामसभा बड़ा होने से तीन सफाई कर्मी से पूरे गांव की सफाई नहीं हो पा रही है। गांव में पांच और सफाई कर्मी की तैनाती के लिए डीपीआरओ से मांग की गई है।