बारा। श्रमजीवी एक्सप्रेस की एसी बोगी में एक महिला ने जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया। महिला के प्रसव के कारण ट्रेन 35 मिनट तक दानापुर - पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल खंड के बक्सर स्टेशन पर रुकी रही। श्रमजीवी एक्सप्रेस के अलावा पीछे से आ रही अन्य एक्सप्रेस ट्रेनें भी जहां - तहां खड़ी हो गई। प्रसव के बाद ट्रेन खुलने के बाद रेल प्रशासन ने राहत की सांस ली।
पटना के घुसवारी की रहने वाली बुधनी देवी पति रामराज चौहान के साथ लखनऊ से पटना के लिए श्रमजीवी एक्सप्रेस जा रही थीं। बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे के आसपास ट्रेन जमानियां स्टेशन पर पहुंची तो उक्त महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। दिलदारनगर स्टेशन पर इस बात की जानकारी दी गई। जानकारी मिलते ही रेल प्रशासन के साथ रेल कर्मी सक्रिय हो गए। पहले महिला को एक एसी बोगी में ले जाया गया। वहीं, कुछ महिला यात्रियों को भी इसकी जानकारी दी गई। इसी बीच दिलदारनगर स्टेशन प्रबंधक की ओर से बक्सर को सूचना दी गई। उसके बाद रेल चिकित्सक दल पहले से बक्सर में स्टेशन पर मौजूद रहे। जैसे ही ट्रेन बक्सर स्टेशन पर पहुंची, चिकित्सक दल ने महिला का प्रसव कराया। इस दौरान बुधनी देवी को जुड़वा बच्चियां हुईं।
000000
रुकी रहीं ये ट्रेनें
बारा। 12392 डाउन श्रमजीवी एक्सप्रेस 36 मिनट बक्सर स्टेशन पर खड़ी रही। वहीं, आउटर सिग्नल पर 12141 डाउन लोकमान्य टर्मिनल दस मिनट और चौसा स्टेशन पर 09413 डाउन अहमदाबाद - समस्तीपुर एक्सप्रेस ट्रेन दस मिनट खड़ी रही।