संवाद न्यूज एजेंसी
दुल्लहपुर। प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान का बेटा बनकर पुलिस अधिकारियों पर धौंस जमाने वाले को पुलिस ने बुधवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तार कर लिया।
उसके पास से मोबाइल फोन बरामद किया। आरोपी एक मामले में पैरवी कर रहा था। एसपी ने शक होने पर नंबर ट्रेस किया तो फर्जीवाड़ा सामने आया।
एसपी डा. ईरज राजा ने बताया कि तीन दिन पूर्व सीयूजी नंबर एक कॉल आई थी। जब उस नंबर की जांच की गई तो पता चला कि कॉल देवरीबारी गांव निवासी विनय सिंह चौहान नाम के एक युवक ने किया है। युवक ने कॉल कर बताया था कि वह कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान का पुत्र है।
उसने एक मामले की पैरवी की थी। जांच में पता चला कि वह पूर्व में भी कई अधिकारियों को कॉल किया था।
अन्य जिलों में भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कॉल कर धौंस जमाता था। कॉल की रिकार्डिंग अपने फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करता था।
इसमें उतना हिस्सा काट देता था, जिसमें वह अपने आप को कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान का पुत्र बताता था। कॉल रिकॉर्डिंग का हवाला देकर आमजनों से धन उगाही और दलाली करता था।
कुछ लोगों से शिकायत मिली कि आरोपी ने उनके साथ भी धोखाधड़ी की है। विनय ने कई मामलों में फर्जी मुकदमा लिखवाने के लिए पैरवी की थी। साथ ही पैसे भी लिए थे।
इसके खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराया था। दूसरा मुकदमा पीड़ित के तरफ कराया गया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है। एसपी डा. ईरज राजा ने बताया कि जांच में पता चला कि नौकरी दिलाने के लिए लोगों को बहला-फुसलाकर पैसा लिया है। आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य रिकार्ड भी खंगाले जा रहे हैं। अन्य जिलों में भी पता किया जा रहा है कि उसने किस- किस अधिकारियों से वार्ता कर पैरवी की थी।