बिरनो क्षेत्र के स्थानीय गांव स्थित राजभर बस्ती में सोमवार को ग्रामीणों ने श्रमदान कर सड़क निर्माण करने का कार्य शुरू कर दिया। मार्ग पर पहले से खड़ंजा बिछा था। बस्ती में जलनिकासी न होने से लोगों के घरों का पानी मार्ग पर बहता था। इससे यह रास्ता नाले का रूप लेता जा रहा था।
ग्रामीणों का आरोप है कि दस वर्षों से जलनिकासी की समस्या से लोग परेशान है। जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन चुनावी वादे बनकर हमारी मांग रह जाती है। मार्ग न बने से ग्रामीणों ने खुद ही श्रमदान कर सड़क निर्माण कर का फैसला लिया है। गांव के बलवंत राजभर ने कहा की क्षेत्र के सभी गांव की सड़क बन रही है, लेकिन आज तक इस गांव की सड़क को नहीं बनाया गया। वहीं गांव के भुल्लन राजभर, सूर्यनाथ राजभर, पियरी राजभर, विशाल राजभर, रमावती देवी, मुन्ना राजभर ने कहा कि हमलोग अपना रास्ता खुद बनाएंगे। बरसात का मौसम आ रहा है, निर्माण नहीं हुआ तो रास्ते पर चलना दूभर हो जाएगा। अगर हम लोग बरसात से पहले मरम्मत नहीं करेंगे तो हमें बहुत ज्यादा परेशानी उठानी पड़ेगी। इस समस्या के लिए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुभाष गुप्ता से बताया कि शासन से शौचालय, विद्यालय और सचिवालय के कायाकल्प का काम चल रहा है और अभी तक वह भी पूरा नहीं हुआ है कोई और कार्य के लिए अभी बजट नहीं है, लेकिन इस सड़क का कार्य योजना में डाल दिया गया है आते ही काम शुरू हो जाएगा।