गाजीपुर। बृहस्पतिवार को बारिश के दौरान बिजली गिरने से इकलौते पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से झुलस गई। चार झोपड़ियों में आग लग गई, जिनमें पांच बकरियाें की मौत हो गई। 14 भेड़ों की सिवान में मौत हो गई।
दुल्लहपुर : शिवपुर गांव में दोपहर करीब 12:10 बजे अंकुर यादव (16) अपनी मां सीमा देवी के साथ घर के पीछे रखे उपले उठा रहा था। तेज गरज-चमक के साथ गिरी बिजली की चपेट में दोनों आ गए। परिजन दोनों को अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। तीन बहनों का इकलाैता भाई अंकुर आठवीं का छात्र था। कानूनगो और लेखपाल ने जांच की। जखनिया एसडीएम रवीश गुप्ता ने कहा कि हरसंभव मदद की जाएगी।
कासिमाबाद : बरेसर थानाक्षेत्र के सेमउर ग्राम पंचायत के जित्तनपुर गांव निवासी जब्बार अहमद एवं मुन्ना की चार झोपड़ियां बिजली गिरने से जल गईं।
उनमें बंधी पांच बकरियों की झुलसकर मौत हो गई।
दुबिहा : भांवरकोल थानाक्षेत्र के कुंडेसर गांव निवासी शिवगोविंद पाल की भेड़ें करीमुद्दीनपुर थानाक्षेत्र के लौवाडीह के सिवान में चर रही थीं। इसी दौरान गिरी बिजली से 14 भेड़ों की मौत हो गई। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।