नंदगंज। थाना क्षेत्र के तुरना गांव में सोमवार की रात पंचायत भवन के पास डेरा पर सो रहे वृद्ध किसान के बाएं तरफ कनपटी पर हत्यारे ने धारदार नुकीले हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी थी। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। हालांकि पुलिस घटना के 24 घंटे बाद भी नामजद आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। तुरना गांव निवासी अभिमन्यु प्रजापति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि प्रतिदिन की तरह उसके पिता केदार प्रजापति (65) खाना खाने के बाद सोमवार की रात आठ बजे पंचायत भवन के पास डेरा पर सोने चले गए थे। वह डेरे पर ही रहते थे और वहां मिट्टी का बर्तन बनाने के साथ खेती भी करते थे। मंगलवार की सुबह करीब छह बजे जब कुछ ग्रामीण पंचायत भवन के तरफ डेरे पर गए तो देखा कि पिता मृत अवस्था में चारपाई पर पड़े थे। मृतक के पुत्र अभिमन्यु प्रजापति ने सिरगिथा निवासी रिश्तेदार गुड्डू प्रजापति के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था। पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन करने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मंगलवार की देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया था। इधर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट वृद्ध की मौत की पुष्टि धारदार नुकीले हथियार से कनपटी पर वार करने हुई है। जल्द ही नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।