आज नाम वापसी का दिन निर्धारित, 21 पदों के लिए कुल 46 उम्मीदवारों ने किया है नामांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। जिले में ग्राम पंचायत के प्रधान और सदस्यों के रिक्त पदों के उपचुनाव के तहत मंगलवार को संबंधित ब्लाक मुख्यालयों पर नामांकन पत्रों की जांच की गई। ग्राम पंचायत के प्रधान पद की पांच तथा सदस्य पद की सभी 21 सीट के लिए कुल 46 उम्मीदवारों की तरफ से दाखिल पर्चे जांच में वैध पाए गए। बुधवार को दिन में तीन बजे तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकेगी। देवकली ब्लाक के बासूपुर में पांच एवं माऊपारा में तीन तथा जमानिया ब्लाक के अभईपुर के प्रधान पद के लिए पांच प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया है। सुहवल संवाददाता के अनुसार ब्लाक क्षेत्र के नौली के प्रधान पद के लिए कुल 11 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है जबकि उधरनपुर ग्राम सभा से एकमात्र नामांकन पत्र दाखिल हुआ है। इसके साथ ही विभिन्न विकासखंडों के ग्राम पंचायत सदस्य के सभी 26 पद के लिए एक-एक नामांकन दाखिल हुआ है।
प्रधान पद की एक एवं सदस्य के सभी पदों पर एक-एक प्रत्याशी की तरफ से पर्चा दाखिल करने के कारण उनका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) राजाराम वर्मा ने बताया कि सभी 46 प्रत्याशियों की तरफ से दाखिल नामांकन पत्र जांच में वैध पाए गए। 22 को सुबह 10 से दिन में तीन बजे तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकेगी, इसके बाद प्रतीक आवंटन का कार्य होगा।