गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के खुदरा पथरा गांव में दो पट्टीदारों के बीच भूमि बंटवारे का विवाद कुछ दिनों से चल रहा था। सोमवार की शाम विवादित जमीन पर चाचा को बांस गाड़ते देख भतीजा वहां पहुंच गया और ऐसा करने से मना करने लगा। तभी दोनों तरफ से नोकझोंक शुरू हो गई। इसी बीच भतीजे ने चाचा के सिर पर डंडे से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल चाचा को सीएचसी भदौरा ले जाया गया, जहां इलाज के बाद वह घर वापस आ गए। देर शाम तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मंगलवार को इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
गहमर थाना क्षेत्र के खुदरा पथरा गांव निवासी मदन यादव (46) का बड़ा भाई ददन यादव के बीच कुछ दिनों से जमीन बंटवारे का विवाद चल रहा था। सोमवार को मदन उसी जमीन में बांस गाड़ रहे थे। तभी उनका भतीजा देवेंद्र यादव वहां पहुंच गया और इसका विरोध करने लगा। दोनों तरफ से कहासुनी होने लगी। मामला शांत होने के बजाय बढ़ता ही गया। इसी बीच भतीजे ने डंडे से चाचा मदन के सिर पर वार कर दिया।
जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के लोग ग्रामीणों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा ले गए। हालत में सुधार होने पर घर लेकर चले आए। देर शाम पुनः हालत बिगड़ने लगी। परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आ रहे थे। तभी रास्ते में मौत हो गई। परिजन जैसे ही शव लेकर घर पहुंचे, कोहराम मच गया। पत्नी संजू देवी, मां मीरा देवी चीख-पुकार करने लगी।
इस बीच सांत्वना देने वालों की आंखें भी डबडबा जा रही थी। मंगलवार की सुबह सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के संबंध में परिवार वालों से पूछताछ करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार ने बताया कि मृतक के भाई महेंद्र यादव की तहरीर पर देवेंद्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।