विकास भवन में कस्तूरबा विद्यालय की चयनित शिक्षिका को नियुक्ति पत्र देतीं नगर पालिका चेयरमैन
- फोटो : एंटी करप्शन टीम द्वारा पकड़ा गया आधार सेवा केंद्र का मैनेजर।
गाजीपुर। शहर के विकास भवन के सभागार में मंगलवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में खाली पड़े शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक पदों पर चयनित स्टाफ को नियुक्ति पत्र का वितरण किया। नियुक्ति पत्र पाकर उनके चेहरे खिले हुए थे। जिले के चौदह विकासखंडों में ये आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें महीनों से विभिन्न विषयों की शिक्षिकाओं के पद खाली पड़े हुए थे। इसके साथ ही गैर शैक्षणिक स्टाफ के पद भी रिक्त थे। शिक्षिकाओं के पद खाली रहने से पठन-पाठन की व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। खाली पड़े पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे गए थे। बीते फरवरी माह में काउंसिलिंग की कार्रवाई संपन्न हुई।
इसके बाद पिछले महीने 6 से 8 तक संचालित विद्यालयों में शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक स्टाफ के 67 पदों तथा उच्चीकृत विद्यालयों में शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक स्टाफ के 66 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को स्कूलों का आवंटन किया गया था। समारोहपूर्वक आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षिकाओं एवं अन्य स्टाफ को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। इस मौके पर बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) सर्वजीत यादव, जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) अनुपम गुप्ता, जिला समन्वयक (बालिका) हरिशंकर मौर्य, अमित कुमार राय आदि थे। संचालन डा. दुर्गेश प्रताप सिंह ने किया।