मरदह बाजार स्थित ग्यारह बजे तक स्टेट बैंक का ताला नही खुलने पर लगी खाता धारतों की भीड़।
बस स्टैंड के पास स्टेट बैंक की शाखा में ग्राहकों की परेशानी सोमवार को घंटों जारी रही। इस दौरान नाराज उपभोक्ता सड़क पर उतर गए और कैश की मांग करने लगे। ऐसा तब हुआ जब बैंक का ताला खुलने के बाद ग्राहकों से यह कहा गया कि कैश नहीं है। नाराज लोगों ने गाजीपुर-मऊ सड़क को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम समाप्त कराया। बवाल के बाद किसी तरह दोपहर से ग्राहकों में कैश का वितरण शुरू हो सका। जाम की वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रविवार की बंदी के बाद सोमवार को स्टेट बैंक की शाखा खुलने से पहले ही बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्राहक पैसे निकालने सहित अन्य कार्यों के लिए पहुंच गए। दस बजते ही लोगों के मन में यह बात आ गई कि अब बैंक खुल जाएगा, लेकिन साढ़े दस बजे तक भी बैंक न खुलने से लोगों का पारा गर्म होने लगा। 11 बजे बैंक खुलते ही कर्मियों द्वारा जैसे ही ग्राहकों को यह बताया गया कि कैश नहीं है, ग्राहकों का गुस्सा फूट पड़ा। हो-हल्ला करते हुए वह गाजीपुर-मऊ मार्ग पर पहुंचे और जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग गई।
थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लोगों को समझा-बुझाकर आधा घंटा बाद जाम समाप्त कराया। शाखा प्रबंधक ने तत्काल उच्चाधिकारी से कैश के संबंध में बात की। कैश आने पर 12 बजे से ग्राहकों में इसका वितरण शुरू कराया गया। आधा घंटा तक जाम की वजह से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम करने वालों में अरविंद, चंदा देवी, उर्मिला, संतरा देवी, दामोदर वर्मा, जितेंद्र जायसवाल आदि शामिल रहे।