करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के भरौली कला गांव निवासी मजदूर की ऑटो पलटने से सड़क पर गिरे राजमिस्त्री की मंगलवार की रात पिकअप से कुचलकर मौत हो गई। हादसा गाजीपुर घाट रेलवे स्टेशन के पास हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भरौली कला गांव निवासी जटाधारी पाल (46) मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते थे। वह सुहवल में राजमिस्त्री का काम करने के बाद देर शाम ऑटो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गाजीपुर घाट के पास ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में राजमिस्त्री सड़क पर गिर पड़ा। इधर पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप जटाधारी को कुचलते हुए आगे बढ़ गई। गंभीर रूप से घायल राजमिस्त्री को उपचार के लिए आस-पास के लोग एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। साथ ही हादसे की जानकारी परिजनों को दी। रोते- बिलखते परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। दूसरे दिन आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। मौत की सूचना पर पत्नी मुनिया देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। इधर ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे हुए थे।