ईद के लिए शहर के रजदेपुर स्थित दूकान में कपड़ों की खरीदारी करती महिलाएं। अमर उजाला
जैसे-जैसे ईद पर्व नजदीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे मुस्लिम बंधुओं के उत्साह में भी वृद्धि होती जा रही है। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में ईद की बाजार सज गई है। इस बाजार में सुबह से लेकर देर रात तक खरीदार पहुंच रहे हैं और अपने-अपने पसंद के कपड़ा, जूता-चप्पल सहित अन्य सामानों की खरीदारी कर रहे हैं।
सबसे ज्यादा भीड़ कपड़ा और श्रृंगार की दूकानों पर पहुंच रही है। इस मौके को देखते हुए ब्रांडेड कंपनियों ने भी तरह-तरह के आफर दिए है। नए-नए फैशन में आए कपड़े ग्राहकों को खूब लुभा रहे हैं। ईद के उत्साह में महंगाई का कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है।इस वर्ष ईद का पर्व संभवत: छह या सात जुलाई को मनाया जाएगा। इसको लेकर मुस्लिम बंधुओं में उत्साह दिखाई दे रहा है। शहर के सुजावलपुर, महुआबाग, मिश्रबाजार, लालदरवाजा, टाउनहाल, चीतनाथ, रौजा, लंका, गोराबाजार आदि क्षेत्रों में ईद की बाजार सज गई है। सेवई की बिक्री में अभी कोई खास तेजी नहीं आई है, लेकिन कपड़ा, जूता-चप्पल, श्रृंगार के सामानों पर खरीदारों के पहुंचने का क्रम शुरु हो गया है।
रेडिमेड की दूकानों पर पुरुष तथा महिलाओं-युवतियों के लिए नए-नए फैशन के परिधान उपलब्ध हैं। इसे पसंद करने के लिए देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ जुट रही है। इसी प्रकार श्रृंगार की दूकानों पर भी महिलाओं की भीड़ पहुंच रही है। टाउनहाल के पास लगाई गई दूकानों पर फैशनेबल, नगदार तथा खूबसूरत दिखने वाली चप्पलों की खूब बिक्री हो रही है। बेल्ट विक्रेता नरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि युवा बेल्ट आदि की खरीददारी कर रहे हैं।
शहर के सुजावलपुर मुहल्ला में स्थित एक कपड़ा शो-रूम के मालिक ने बताया कि इस बार बाजीराव मस्तानी और कराची सूट की बहार आई हुई है। एक तरफ जहां चार हजार से लेकर 20 हजार रुपये तक का लहंगा और चार सौ से लेकर आठ हजार रुपये तक का सूट ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया गया है।