जमानिया नगर पालिका कार्यालय के बरामदे में अनिश्चित कालीन धरने में बैठे सभासदगण। संवाद
नगर पालिका परिषद में नवीन गृहकर की जबरन वसूली और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के निजी उपयोग के विरोध में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को 11वें दिन भी जारी रहा। पालिका परिसर में धरने पर बैठे सभासदों ने चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी की और आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।
धरनारत सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों से पालिका का मूल कार्य बाधित कर निजी लाभ के लिए काम लिया जा रहा है। सभासदों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि उनकी जायज मांगों पर शीघ्र उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो वे संवैधानिक दायरे में रहकर अपने विरोध प्रदर्शन को और अधिक उग्र करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पालिका प्रशासन और शासन की होगी। धरना प्रदर्शन के दौरान राजा बाबू, राकेश प्रजापति, सचिन वर्मा, अंजनी गुप्ता, आमिर उर्फ गोलू, अरशद, शमीम अंसारी, मोहन राम, शिवबचन यादव, उमराव यादव सहित कई सभासद उपस्थित रहे।