बहादुरगंज। नगर क्षेत्र में श्रीश्री महामृत्युंजय महादेव महायज्ञ के शुभारंभ पर शुक्रवार को कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा मां चंडी धाम मंदिर परिसर से विधिवत पूजन-अर्चन के बाद प्रारंभ हुई। इसमें शामिल सैकड़ों महिला एवं कन्या सिर पर कलश लिए हुए थीं। श्रद्धालु हाथों में ध्वज और बैनर लेकर हर-हर महादेव का जयघोष करते हुए चल रहे थे। कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तमसा नदी तक पहुंची, जहां जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल पहुंची।
इस दौरान भजन-कीर्तन, ढोल-ताशों और धार्मिक गीतों से पूरा माहौल गूंजता रहा। जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया तथा प्रसाद भी वितरित किया। आयोजक श्री योगेश्वर डमरूवा बाबा ने बताया कि महायज्ञ 4 से 12 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें हवन-पूजन, कथा और सत्संग जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कलश यात्रा में राकेश तिवारी, पप्पू तिवारी, मुन्ना शर्मा, हनुमान मद्धेशिया, हरिशंकर राय, गोरख चौहान, वीरेंद्र यादव, गोपाल आदि मौजूद रहे।