प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग गंभीर है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरूवार को जिले के बीरआरसी एवं एनपीआरसी समन्वयकों से विद्यालयों का निरीक्षण कराया गया। इस दौरान 192 अध्यापक अनुपस्थित पाये गये। इनके खिलाफ विभाग की ओर से उचित कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।
जिलाधिकारी संजय खत्री के निर्देश पर बेसिक शिक्षाधिकारी चंद्रकेश सिंह यादव ने जमानियां एवं रेवतीपुर विकास खण्ड क्षेत्र के कई प्राथमिक विद्यालयों की आकस्मिक चेकिंग किया। इस दौरान कुछ विद्यालयों में बच्चे कम पाये गये। जबकि कई में शिक्षा का स्तर बेसिक शिक्षाधिकारी को ठीक नहीं मिला। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता मेें सुधार लाने के साथ ही बच्चों की उपस्थिति शतप्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा बीआरसी एवं एनपीआरसी समन्वयकों की ओर से आज 909 विद्यालयों का निरीक्षण किया गया।
उनके निरीक्षण में कई खामियां मिली। निरीक्षण के दौरान जिले के विभिन्न विकास खण्डों के प्राथमिक विद्यालयों पर 192 अध्यापक अनुपस्थित पाये गये। अनुपस्थित पाये गये अध्यापकों के खिलाफ विभाग की ओर से उचित कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है। इस सम्बन्ध में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी चन्द्रकेश सिंह यादव ने बताया कि कलेक्ट्रेट में कन्ट्रोल रूम बनाया गया है। जिन अध्यापकों को अवकाश पर जाना है। वह सुबह सात से आठ बजे तक फोन कर कर कन्ट्रोल रूम में अपना अवकाश दर्ज करायेंगे। निर्धारित समय के बाद सूचना दर्ज कराने पर छुट्टी मान्य नहीं होगी।